Tuesday, 5 June 2018

BJP नेता विनय कटियार ने PM मोदी पर कसा तंज, 'देश में भी मस्जिद जाते तो अच्छा होता'

नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आसियान देशों के दौरे के दौरान मस्जिद जाने पर बीजेपी नेताओं ने ही सवाल उठाना शुरू कर दिया है. बीजेपी नेता विनय कटियार ने सिंगापुर में पीएम मोदी के मस्जिद जाने पर निशाना साधते हुए कहा, 'पीएम मोदी देश में भी मस्जिद जाते तो अच्छा होता'. बीजेपी नेता विनय कटियार ने ये बयान न्यूज एजेंसी एएनआई के साथ बातचीत के दौरान दिया. वहीं सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भी पीएम मोदी पर निशाना साधा है. आपको बता दें कि पीएम मोदी ने सिंगापुर में सबसे पुरानी मस्जिदों में से एक 'चुलिया' में सिर झुकाया, जिसके बाद विपक्ष ने भी उनपर कटाक्ष किया था.

192 साल पुरानी है मस्जिद
आपको बता दें कि 'चुलिया' मस्जिद करीब 192 साल पुरानी है. इसे जामाए मस्जिद भी कहा जाता है. 19वीं सदी में सिंगापुर पहुंचे दक्षिण भारतीय मुस्लिमों के लिए इस मस्जिद का निर्माण करवाया गया था. चाइना टाउन में स्थित ये मस्जिद 1974 से सिंगापुर का राष्ट्रीय स्मारक है. इस मस्जिद का कंस्ट्रक्शन 1826 में कराया गया था.

सबको साथ लेकर चलना है लक्ष्य
बीजेपी नेता विनय कटियार ने कहा कि बीजेपी का मकसद है कि वो सबको साथ लेकर चले. उन्होंने कहा हिन्दुत्व का सवाल है, तो बीजेपी राजनैतिक पार्टी है और सबको साथ लेकर चलना चाहती है. उन्होंने कहा,'पीएम विदेशों में मस्जिदों में जाते हैं, अच्छा होता अगर वो देश की मस्जिदों में भी जाते'.

अखिलेश यादव ने भी साधा निशाना
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की इंडोनेशिया की हाल की यात्रा पर तंज कसते हुए समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि क्या वजीर-ए-आजम (पीएम नरेंद्र मोदी) का मुस्लिम देश का ये दौरा मुसलमान बिरादरी के 'अंतरराष्ट्रीय तुष्टीकरण' की कोशिश है. अखिलेश ने कहा, 'बीजेपी, समाजवादी पार्टी पर मुस्लिम तुष्टीकरण का आरोप लगाती रही है. प्रदेश में बीजेपी सरकार के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ विधानसभा में कहते हैं कि वो हिंदू हैं और ईद नहीं मनाते. प्रधानमंत्री मोदी रमजान के इस महीने में इंडोनेशिया और मलेशिया की यात्रा से लौटे हैं'. उन्होंने तंज कसते हुए कहा, 'तो क्या ये मुसलमानों के 'अंतरराष्ट्रीय तुष्टीकरण' की कोशिश है?' उन्होंने कहा कि सपा अगर मुस्लिम तुष्टीकरण करती है, तो ये क्या है.

Source:-ZEENEWS

View More About Our Services:-Mobile Database number Provider and Digital Marketing 

No comments:

Post a Comment

Note: only a member of this blog may post a comment.